कोटपूतली-बहरोड़ में सरियों से भरे ट्रेलर ने बुजुर्ग को कुचल दिया। बेकाबू ट्रेलर करीब 100 फीट तक उसे घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। एक्सीडेंट पावटा थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर आंतेला में सोमवार सुबह करीब 8ः30 बजे हुआ। हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इसमें बेकाबू ट्रेलर सर्विस लाइन का डिवाइडर कूदकर होटल की पार्किंग में घुसता नजर आ रहा है। फिर ट्रेलर बुजुर्ग को रौंदता और घसीटते हुए दिख रहा है। हादसे में आंतेला निवासी सुरजाराम यादव (75) की मौत हुई है। पहले देखिए, हादसे की PHOTOS… टक्कर के बाद 100 फीट तक घसीटा पावटा थाने के ASI भोला राम ने बताया- आंतेला के नीलका में NH-48 पर पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। इसके चलते गाड़ियों का डायवर्जन किया गया है। इन्हें सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। सोमवार सुबह सरियों से भरा एक ट्रेलर जयपुर से दिल्ली की तरफ जा रहा था। आंतेला में एक होटल के पास ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सर्विस लाइन के डिवाइडर पर चढ़ता हुआ होटल की पार्किंग में घुस गया। पार्किंग के डिवाइडर के पास सुरजाराम यादव खड़ा था। ट्रेलर को अपनी तरफ आता देख सुरजाराम घबरा गया। बचने की कोशिश में होटल की तरफ भागने लगा। इस दौरान ट्रेलर ने सुरजाराम को टक्कर मार दी। वह ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया। ट्रेलर सुरजाराम को करीब 100 फीट तक घसीटते हुए आगे निकल गया। आसपास मौजूद लोग तुंरत मौके पर पहुंचे। ट्रेलर को रुकवाया। हालांकि ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोग सुरजाराम को पावटा उपजिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक सुरजाराम का परिवार खेती करता है। सुरजाराम के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा ओम प्रकाश यादव ( 45) किसान है। छोटा बेटा गौरी शंकर (35) मेडिकल स्टोर पर काम करता है। … ये खबर भी पढ़ें… पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर दो ट्रेलर से भिड़ा,एक की मौत:रिसाव होने पर 500 मीटर इलाका खाली करवाया, दोनों ट्रेलर ड्राइवर केबिन में फंसे अजमेर के पुष्कर में होकरा गांव की पुलिया पर दो ट्रेलर और एक टैंकर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर के ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं एक अन्य ट्रेलर और टैंकर का ड्राइवर घायल हो गया। (पूरी खबर पढ़ें)
