बूंदी में मंगलवार को जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें आवश्यक सेवाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा और आमजन से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को जिले के सभी जर्जर विद्यालयों का सुरक्षा ऑडिट करवाकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और जर्जर स्कूल कक्षों को तुरंत गिराया जाए ताकि संभावित हादसों से बचा जा सके। पौधारोपण, पट्टा वितरण की भी समीक्षा की
‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोपे गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग अनिवार्य है और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। शहरी क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए जिला कलेक्टर ने शहरी सेवा शिविरों में पट्टा वितरण की समीक्षा की। उन्होंने सभी नगर निकायों को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और पीएम आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। बैठक में एडीएम (सीलिंग) रमेश देव, डीएफओ एएन गुप्ता, डीएफओ (आरवीटीआर) अरुण डी. कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर तथा पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
