बूंदी के नैनवां शहर स्थित कनक सागर तालाब में इन दिनों अवैध मत्स्य आखेट धड़ल्ले से जारी है। तालाब में जगह-जगह जाल डालकर मछलियां पकड़ी जा रही हैं, जिससे जलीय जीवों के साथ-साथ जल पक्षी भी फंसकर मौत का शिकार हो रहे हैं। इसका एक एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो के अनुसार नैनवां के प्रसिद्ध कनक सागर तालाब में बड़े पैमाने पर जाल बिछाकर मछलियों का शिकार किया जा रहा है। इन जालों में मछलियों के अलावा तालाब में रहने वाले पक्षी भी उलझ जाते हैं, जिससे उनकी मौत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब में खुलेआम जाल डालकर मछलियां पकड़ी जा रही हैं। तालाब में फैले इन जालों के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे जल पक्षियों और अन्य जलीय जीवों के लिए खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि कनक सागर तालाब में हो रहे अवैध मत्स्य आखेट पर तुरंत कार्रवाई कर रोक लगाई जाए। उनका उद्देश्य पक्षियों और जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मत्स्य विकास परियोजना अधिकारी लखन लाल मीणा ने बताया कि इस तालाब के लिए कोई टेंडर जारी नहीं होता है, इसलिए यह गतिविधि गलत है। उन्होंने कहा कि वह तुरंत नैनवां थाने को इसकी सूचना देंगे और स्वयं भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे।
