उदयपुर के कानोड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक वृद्ध महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर बदमाश उसके गले से मादलिया लूटकर फरार हो गए। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसके चेहरे और हाथ में चोट लगी है। आसपास लोगों को पता लगा, तब तक हमलावर भाग चुके थे। पडोसियों द्वारा घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत स्थानीय सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए लुटेरों की तलाश में जुटी है। घर में बैठी थी, पीछे से किया हमला
थानाधिकारी हुकमसिंह ने बताया कि घटना घटना कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में शाम की है। जब 75 वर्षीय घीसी बाई खटीक घर में बैठी हुई थी। तब अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। फिर बदमाश उसके गले से सोने का मादलिया उतारकर ले गए। ​ महिला के चीखने के आवाज सुनकर आस पडोस के लोग मौके पर पहुंचे तो बुजुर्ग को घायल देख हैरान रह गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया कि महिला घीसी बाई घर में अकेली रहती है। उसके बच्चे बाहर काम करते हैं।