अजमेर के मदार गेट चौराहे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक महिला होमगार्ड और नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी आपस में भिड़ गईं। दोनों के बीच सरेराह जमकर हाथापाई हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक दूसरी का चुन्नी से गला दबाने तक का प्रयास करने लगे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। बीच चौराहे पर दो सरकारी महिला कर्मियों को इस तरह लड़ता देख मौके पर राहगीरों और दुकानदारों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को बमुश्किल अलग कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद नगर निगम की एक सरकारी गाड़ी में बैठने को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि महिला सफाई कर्मचारी गाड़ी में बैठी हुई थी और उसे नीचे उतरने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वीडियो में दोनों महिलाएं एक-दूसरे से गुत्थमगुत्था होती नजर आ रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों एक-दूसरे पर हावी होती रहीं। होमगार्ड बोली- गाड़ी से उतरने को कहा तो करने लगी बदतमीजी महिला होमगार्ड मधु ठाकुर ने बताया कि नगर निगम की महिला कर्मचारी रीना सरकारी गाड़ी के अंदर बैठी हुई थी और नीचे नहीं उतर रही थी। मधु ठाकुर के अनुसार जब उसे गाड़ी से उतरने के लिए कहा गया तो वह बदतमीजी से बात करने लगी। काफी देर तक नीचे नहीं उतरी। बाद में उसे नीचे उतरवाया गया तो वह मेरे साथ हाथापाई और मारपीट करने लगी।” उन्होंने पूरे मामले की शिकायत नगर निगम प्रशासन को सौंप दी है। मामले में महिला सफाई कर्मचारी रीना से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।