राजस्थान और गुजरात के यात्रियों के लिए जल्द ही नई ट्रेन शुरू होने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही अहमदाबाद (साबरमती)-बीकानेर (लालगढ़) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया- करीब 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह एक्सप्रेस ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद और राजस्थान के बीकानेर के बीच हर दिन। इससे स्टूडेंट्स, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा। इन जिलों को होगा सीधा फायदा नई ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों के साथ राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को सीधे जोड़ेगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ स्टेशन होंगे। पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा नई रेल सेवा पश्चिम भारत के दो प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों को जोड़ने का काम करेगी। गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की रानी की वाव और अहमदाबाद की ऐतिहासिक विरासत तक पहुंच आसान होगी। वहीं, राजस्थान के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस और बीकानेर के मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच और बेहतर होगी। रेलवे लगातार दे रहा नई सौगातें हाल के दिनों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान को कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और सेवाओं की सौगात दी है। कुछ दिन पहले उन्होंने जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई थी तथा जैसलमेर में कोच केयर कॉम्पलेक्स का शुभारंभ किया था। इसी दौरान जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोचों के साथ संचालित करने की घोषणा की गई। साथ ही साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक किया गया। इसके अलावा भुज-जालोर-पाली-दिल्ली नई रेल सेवा भी शुरू की गई, जिससे जालोर, पाली और आसपास के क्षेत्रों को पहली बार दिल्ली और भुज से सीधा रेल संपर्क मिला। अब बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस के संचालन से राजस्थान और गुजरात के बीच रेल नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।