जयपुर में चुनाव में ड्यूटी लगाने पर सरकारी स्कूल की एक टीचर को कार्यमुक्त करने के बाद कई लोगों ने हंगामा कर दिया। सांगानेर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंदाऊ की प्रधानाचार्य सीमा चौधरी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया- स्कूल में शारीरिक शिक्षक शिखा मीणा की स्थानीय निकाय चुनाव में ड्यूटी लगाई थी। उन्हें 1 सितंबर को जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थिति देने के लिए स्कूल से कार्यमुक्त कर दिया था। शिकायत में आरोप है कि 2 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे 40-50 लोग बिना अनुमति स्कूल परिसर में जबरन घुस आए और हंगामा करने लगे। प्रधानाचार्य के अनुसार- घटना के समय स्कूल में शिक्षक और विद्यार्थी कक्षाओं में अध्ययनरत थे, उसी दौरान कुछ लोग उनके चेंबर में घुसने लगे। विरोध करने पर उन्हें एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई। आरोप है कि कुछ लोग जबरन कुर्सियों पर बैठ गए, जबकि एक व्यक्ति वीडियो बनाने लगा। कुछ लोगों के कक्षाओं में घुसने का भी प्रयास करने की बात शिकायत में कही गई है। राजकीय कार्य प्रभावित होने का आरोप प्रधानाचार्य सीमा चौधरी ने शिकायत में बताया कि घटना के दौरान मैं शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर महत्वपूर्ण जानकारी दर्ज करने और अन्य आवश्यक कार्य कर रही थीं। हंगामे के कारण मेरा राजकीय कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हुआ और विद्यालय स्टाफ व उनके मन में भय की स्थिति पैदा हुई। चुनाव ड्यूटी से कार्यमुक्त करने के बाद विवाद प्रधानाचार्य ने शिकायत में घटना की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि विद्यालय में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत शिखा मीणा की स्थानीय निकाय चुनाव के लिए ड्यूटी लगाई थी। उन्हें 1 सितंबर को जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थिति देने के लिए विद्यालय से कार्यमुक्त किया गया था। शिकायत के अनुसार- 2 सितंबर को संबंधित कर्मचारी को जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थिति देनी थी, लेकिन वह विद्यालय पहुंचीं। इसके कुछ देर बाद उनके साथ अन्य लोग भी वहां आ गए। इसके बाद विद्यालय में हंगामा किया। प्रधानाचार्य ने शिकायत में शिक्षिका की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पहले भी तालाबंदी और विवाद का लगाया आरोप प्रधानाचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले उनके स्थानांतरण के बाद विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के दौरान कई दिनों तक तालाबंदी की स्थिति रही थी। उन्होंने शिकायत में पूर्व प्रधानाचार्य और शिखा मीणा पर उस घटना को जातिगत आधार देने की कोशिश करने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। प्रधानाचार्य ने पूरे घटनाक्रम को राजकार्य में बाधा और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाला बताते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाचार्य ने थानाधिकारी को लिखा लेटर