उदयपुर में निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर 17 साल की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा है कि मेरे पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं है। छात्रा एक निजी स्कूल में 12 वीं में पढ़ती थी। मंगलवार दोपहर पौने 2 बजे स्कूल से सीधे निर्माणाधीन बिल्डिंग पर पहुंची। इसके बाद चौथी मंजिल पर जाकर छलांग लगा दी। इमारत के चबुतरे से टकराते हुए नीचे गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल छात्रा को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उदयपुर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। मजदूरों से बोली- बिल्डिंग में बॉल गई है थानाधिकारी ने बताया- दोपहर पौने 2 बजे छात्रा स्कूटी से निर्माणाधीन बिल्डिंग के बाहर पहुंची। स्कूटी बाहर खड़ी की और बिल्डिंग में जाने लगी। इमारत में काम कर रहे मजदूरों ने रोका तो बोली अंदर बॉल गई है। इसके बाद सीधे चौथी मंजिल पर पहुंची और नीचे कूद गई। मजदूरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और छात्रा को हॉस्पिटल भिजवाया। उदयपुर में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की स्कूटी से एक लेटर मिला। जिसमें लिखा हुआ था कि मेरे पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं है। आई लव यू पापा-मम्मी। थानाधिकारी ने बताया- अभी सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। परिवार के सदस्य भी अभी उदयपुर अस्पताल में हैं। स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्कूल में छात्रा आराम से पढ़ाई कर रही थी। ऐसी कोई बात या कोई डाउट किसी को नहीं था। हम भी घटना से हैरान हैं। इनपुट : अभिषेक श्रीमाली, भींडर
