बालोतरा के बागुंडी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक चलती बस में आग लग गई। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक स्थानीय लोगों और बस ड्राइवर की सूझबूझ से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है। देखें घटना से जुड़े PHOTOS
