बांसवाड़ा में सड़क हादसे में 35 साल के युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई थी। हादसा सोमवार रात 10 बजे का है। मामला सदर थाना क्षेत्र के दाहोद हाईवे के सागड़ोद के पास का है। रास्त में ले जाते समय दम तोड़ा थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप के नीचे दबे युवक हवजी (35) पुत्र हकसी निवासी सबलपुरा, थाना कुशलगढ़ को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी। समय से एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोग घायल हवजी को निजी वाहन से एमजी अस्पताल लेकर रवाना हुए। इसी दौरान रास्ते में एंबुलेंस मिल गई। जिसमें युवक को शिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हवजी को मृत घोषित कर दिया। पिकअप ड्राइवर गंभीर घायल सूचना मिलने पर सदर थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में हवजी (35) पुत्र हकसी निवासी सबलपुरा, थाना कुशलगढ़ की मौत गई। हॉस्पिटल में युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद रात में पुलिस ने शव को एमजी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया था। मंगलवार शाम 4 बजे तक परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। हादसे के वक्त पिकअप ड्राइवर को भी चोटें आई है।
