प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रविवार को बांसवाड़ा के जिला कांग्रेस कार्यालय में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत जिला स्तरीय बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अर्जुन सिंह बामनिया ने की। उन्होंने सरकर की मंशा पर सवाल उठाए और कहा कि सरकार निकाय चुनाव समय पर नहीं करवाना चाहती है, जो गलत है। संगठन सह प्रभारी दिनेश श्रीमाली ने बैठक में अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि राजस्थान में यह अभियान 15 मई 2026 तक जन-आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य वार्ड और ब्लॉक स्तर पर बैठकों के जरिए संगठन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। श्रीमाली ने कहा कि हमारा लक्ष्य कार्यकारिणी में नियुक्तियों का टारगेट पूरा करना और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना है। वार्ड प्रभारियों के माध्यम से सीधे जनता से संवाद स्थापित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष बोले- संगठन को हर जगह करेंगे मजबूत
जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संगठन को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक मजबूत करना अनिवार्य है। पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की असली ताकत है। बैठक में विधायक नानालाल निनामा और विधायक रमिला खड़िया ने भी आगामी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का आह्वान किया। गहलोत के जन्मदिन पर काटा केक
बैठक के बाद समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। अर्जुन बामणिया ने उन्हें ‘विकास पुरुष’ बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब और किसानों के हितों की लड़ाई लड़ी है। मालवीया ने गहलोत को गरीब की पीड़ा समझने वाला जननेता बताया। बैठक में इनकी रही मौजूदगी
बैठक का संचालन अंकित निनामा ने किया, जबकि अंत में कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व जिला प्रमुख रेशम मालवीया, प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान, राजेश टेलर, कृष्णपाल सिंह सिसोदिया, केशवचंद्र निनामा, अर्जुन पाटीदार सहित ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पंचायती राज व निकाय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
