नागौर में होली पर हुई कहासुनी के पुराने विवाद को लेकर 2 पक्ष भिड़ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष का ट्रैक्टर रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्ष लाठियां, ट्रैक्टर और कैंपर निकाल लाए। एक दूसरे के घर पर पत्थर मारने लगे। ट्रैक्टर और कैंपर से एकदूसरे पक्ष के लोगों को कुचलने का प्रयास करते रहे। गलियों में कैंपर दौड़ाई और छतों से पत्थर बरसाए। हमले में 1 महिला समेत 7 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला जिले के जायल उपखंड के खाटू बड़ी क्षेत्र के मुंडी गांव का रविवार दोपहर 3:30 बजे का है। पहले देखिए हमले की तस्वीरें… होली पर हुआ था विवाद बड़ी खाटू थानाधिकारी दिलीप सहल ने बताया- विवाद तुलसीराम और रामचंद गुर्जर पक्ष के बीच हुआ। दोनों के बीच होली के त्योहार पर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद आज रामचंद पक्ष का व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर गली में से गुजर रहा था। दूसरे पक्ष (तुलसीराम) के लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इसमें रामचंद गुर्जर पक्ष के लोग घायल हुए हैं। जिनको बड़ी खाटू अस्पताल से नागौर रेफर किया गया है। 3 लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है। मौके पर बड़ी खाटू थाना और जायल थाना पुलिस तैनात की गई है। जायल सीओ और जायल थानाधिकारी भी मौके पर हैं। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है। 2 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला 1. ट्रैक्टर रुकवाया: जानकारी के अनुसार, रामचंद गुर्जर पक्ष का एक व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर गांव के मुख्य चौक से निकल रहा था। इसी दौरान तुलसीराम पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई और दोनों ने अपने लोगों को बुला लिया। 2. पत्थर बरसाने लगे: इसके बाद दोनों पक्ष ट्रैक्टर, कैंपर और लाठी-डंडे ले आए। एक दूसरे के घरों पर पत्थर बरसाने लगे। झड़प में कैलाश चंद, रामदेव गुर्जर, निकिता गुर्जर, रामनिवास गुर्जर, लक्ष्मण राम गुर्जर, जगदेव राम और जवानाराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को जायल 108 एंबुलेंस की मदद से नागौर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
