जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे चार युवकों की कार राठौड़ फार्म हाउस के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का कुचामन के राजकीय चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। घटना डीडवाना-कुचामन जिले के नावा उपखंड क्षेत्र में शुक्रवार रात 11 बजे की है। जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा नावां थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि सभी युवक नावा में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राठौर फार्म हाउस के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसा इतना तेज था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हादसे में लीचाणा निवासी मुरली पाराशर (26) पुत्र गिरधारीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं कार में सवार अन्य चार युवक घायल हैं, जिनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। भांजे के बर्थडे से लौट रहा था घायल दोस्त पांचू राम ने बताया कि मुरली की बहन का ससुराल नावां में है। उसके भांजे का जन्मदिन था। हम लोग मुरली और उसकी मां के साथ नावां गए थे। जन्मदिन की पार्टी के बाद मुरली की मां नावां में अपनी बेटी के यही रुक गई थी। हमारा एक दोस्त पहले से ही नावां गया हुआ था वापसी में वो भी हमारे साथ हो लिया। हम लिचाना के लिए निकल गए रास्ते में अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पलट गई। जिसके बाद वहां पर कुछ लोग आए जिन्होंने हमें अस्पताल पहुंचाया और इस हादसे में मुरली की मौके पर ही मौत हो गई। लीचाणा निवासी युवक की मौत परिजनों के अनुसार मुरली भावता कस्बे में मोबाइल की दुकान चलाता था, जबकि उसके पिता गिरधारीलाल खेती करते हैं। युवक की मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका कुचामन के राजकीय चिकित्सालय में उपचार जारी है। डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा होना सामने आया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। इनपुट सहयोग : कमलेश पारीक।
