बरनाला में बाजाखाना मार्ग पर ड्रेन पुल के पास ढिल्लों नगर स्थित बालाजी धाम के पुजारी का तीन नकाबपोश बदमाशों ने अपहरण कर लिया। आरोपी उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए और चलती गाड़ी में मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पुजारी के मोबाइल का पासवर्ड पूछकर यूपीआई के जरिए उनके खाते से 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद आरोपी उन्हें सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पीड़ित पुजारी भगवंत दास ने पुलिस को बताया कि वह मंदिर की पुरानी पूजा सामग्री और फूलों को जल प्रवाह करने के लिए स्कूटी से ड्रेन पुल के पास पहुंचे थे। वह सामग्री विसर्जित करने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें जबरन गाड़ी में खींच लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी चलती कार में आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल का पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद गूगल-पे ऐप खुलवाकर दो बार में 15 हजार और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। रकम निकालने के बाद आरोपियों ने पुजारी को कार से बाहर धक्का दे दिया और उनका मोबाइल भी सड़क पर फेंककर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से संभले पुजारी ने पुलिस को सूचना दी। सिटी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यूपीआई ट्रांजेक्शन और बैंक खाते की डिटेल खंगाल रही है। साथ ही बाजाखाना रोड के टोल और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से कार और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
