बरनाला पुलिस ने नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 50 ग्राम नशीला पदार्थ, एक अवैध .32 बोर पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी क्षेत्र में लूटपाट और अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना बरनाला में तैनात पुलिस कर्मी गुरतेज सिंह को सूचना मिली थी कि चमकोर सिंह उर्फ कोरी (निवासी सेखा), सतनाम सिंह उर्फ सत्तू (निवासी हरी की पत्ती सेखा), हुस्नवीर सिंह उर्फ हुस्न (निवासी सेखा) और दिलवर सिंह (निवासी झलूर) ने मिलकर नशा तस्करी का एक गिरोह बनाया है। मुखबिर ने यह भी बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे अपराध करने के आदी हैं।आरोपियों पर राहगीरों को घेरकर लूटपाट करने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप हैं। सूचना के अनुसार, चारों आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने की नीयत से फरवाही-सेखा लिंक रोड पर घूम रहे थे। पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर छापेमारी की।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 50 ग्राम नशीला पदार्थ, एक .32 बोर अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके अन्य साथियों, नशा तस्करी नेटवर्क और पूर्व में हुई आपराधिक घटनाओं के संबंध में जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार का उपयोग किसी वारदात में किया गया था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You missed