बरनाला में बाइक और कार सवार दो लोगों से पर्स छीनने की अलग-अलग वारदात सामने आई है। पुलिस ने एक कार सवार व्यक्ति से पर्स छीनने और हमला करने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में नरिंदर कुमार उर्फ नीटा ने बताया कि यह घटना रात करीब 11:30 बजे हुई, जब वह अपनी कार से अपने घर लौट रहे थे। अनाज मंडी रोड स्थित अपनी गली के मोड़ पर मुड़ते समय दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया। नरिंदर कुमार ने आरोपियों की पहचान हरसदीप सिंह उर्फ काका निवासी सेखा कैंचियां के पास सैलर बरनाला और परदीप सिंह उर्फ चपली निवासी बाबा रामदेव नगर, ट्राइडेंट फैक्टरी के नजदीक बरनाला के रूप में की है। पीड़ित के अनुसार, दोनों युवक निहंग बाने में थे। जान से मारने की कोशिश का आरोप शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवकों ने रास्ता रोककर उन्हें डराया-धमकाया, उन पर हमला किया और जान से मारने की कोशिश भी की। इसी दौरान आरोपियों ने उनका पर्स छीन लिया, जिसमें लगभग दो हजार रुपए नकद और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। थाना सिटी वन बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि घटना से संबंधित और सबूत जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बाइक सवार से भी छीना पर्स इसके अलावा, पुलिस स्टेशन सिटी वन बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि पिंस सिंह निवासी बाजाखाना रोड बरनाला ने शिकायत दर्ज कराई है। पिंस सिंह अपने काम से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। जब वह कचहरी बरनाला वाले पुल के ऊपर पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल अचानक बंद हो गई। उन्होंने मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर उसे चेक करना शुरू किया। पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान बाजाखाना रोड की तरफ से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोपियों की पहचान हरमनदीप सिंह निवासी सेखा कैंचियां के नजदीक बरनाला, प्रदीप कुमार उर्फ वीरभाज निवासी ट्राइडेंट फैक्ट्री के पास बरनाला, साहिल निवासी गांधी बस्ती बरनाला और रोहित कुमार निवासी संत उत्तर देव नगर बरनाला के रूप में हुई है। किरपान से किया हमला पिंस सिंह ने बताया कि आरोपियों में से एक युवक निहंग वेश में था, और उसके साथ एक अन्य युवक के हाथ में भी किरपान थी। चारों ने आते ही उन्हें घेर लिया। निहंग वेश वाले युवक ने उन्हें जान से मारने की नीयत से किरपान से हमला किया, जो उनके सिर के बाएं हिस्से पर लगा। इसके बाद दूसरे युवक ने भी किरपान से वार किया। खुद को बचाने के लिए पिंस सिंह ने अपना दायां हाथ आगे कर दिया, जिससे वार उनकी उंगलियों पर लगा और वह घायल हो गए। हमले के बाद आरोपियों ने पिंस सिंह का पर्स छीन लिया। पीड़ित के अनुसार, पर्स में करीब 20 हजार रुपए नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस को सूचना दी। थाना सिटी बरनाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।