राजस्थान के खेल और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोचों को राज्य सरकार की बजट घोषणा के बावजूद अब तक जयपुर में आवासीय भूखंड नहीं मिल पाए हैं। इस लंबित मांग को लेकर द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त कोच सागरमल धायल ने उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। बजट घोषणा पर अमल नहीं होने से नाराजगी
ज्ञापन में धायल ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में राजस्थान के द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोचों को जयपुर में आवासीय भूखंड देने की ऐतिहासिक घोषणा की थी। इस घोषणा से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल बना था, लेकिन बजट पारित होने के काफी समय बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। डिप्टी सीएम ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने द्रोणाचार्य कोचों की मांग को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जयपुर में आवासीय भूखंड आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी तथा इस कार्य को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। खेल विकास के रोडमैप पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान राजस्थान में खेलों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कोच सागरमल धायल और अन्य कोचों ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उप मुख्यमंत्री ने भी माना कि राजस्थान के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
