भीलवाड़ा में 12 साल की बच्ची मां और पड़ोसी की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई। जब वह रास्ता भूल गई तो वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को अपने किडनैप होने की झूठी कहानी बताई। मामला शुक्रवार सुबह 11:30 बजे का है। बच्ची दो घंटे तक इधर-उधर भटकती रही। बच्ची की बताई कहानी पर जब पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो कुछ नहीं मिला। जब बच्ची से फिर पूछा गया तो उसने बताया कि एक सीरियल में ऐसा देखा था। इसके साथ ही मोबाइल में घर छोड़ने के बहाने देखे थे। उसी से किडनैप की कहानी बनाई। हालांकि पुलिस ने समझाइश के बाद बच्ची को उसके माता-पिता को सौंप दिया। कंट्रोल रूम पर किया था कॉल पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे अभय कमांड कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक बच्ची का किडनैप हुआ है। यह बच्ची किडनैपर्स के चंगुल से छूटकर एक कॉलोनी में पिछले दो घंटे से घूम रही है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को डिटेन कर पूछताछ की। इस पर बच्ची ने बताया- उसके घर के पास में ही खाली प्लॉट में तीन युवक थे। उन्होंने उसे लड्डू खिलाया। कुछ ही देर में वह बेहोश होने लगी तो बाहर चौराहे पर ले जाकर उसे ट्रक में बैठाया। ट्रक में दो बच्चियां और थी, जिनके हाथ बंधे हुए थे। कुछ देर उसे इधर-उधर घुमाते रहे। जब ट्रक रोका तो वह ट्रक से कूदकर वहां से भाग निकली। पुलिस को बताया वह ट्रक से कूदकर भागी बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह शहर की एक कॉलोनी में चली गई। यहां वह दो घंटे तक घूमती रही। इस बीच रास्ते में एक अंकल मिले। उनकी मदद से उसने पुलिस कंट्रोल रूम और अपने पापा को कॉल करवाया। इधर, बच्ची की ये कहानी सुन एक बार पुलिस वाले भी अलर्ट हो गए। बच्ची की बताई जगहों पर तलाशी ली और सीसीटीवी खंगाले। पुलिस को उन रास्तों पर कोई ट्रक नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के मकान के बाहर और गली के बाहर फुटेज खंगाले। यहां भी न तो कोई ट्रक था और न ही उसकी ओर से बताए तीन युवक थे। 10 की जगह 90 रुपए की चायपत्ती ले आई थी पुलिस ने जब सभी सीसीटीवी देखे तो पता चला कि बच्ची अपने घर से अकेली निकली थी। वह पैदल गली से बाहर जाते हुए दिखाई दी। पुलिस को जब शक हुआ तो फिर उसे समझाया और पूछताछ की। बच्ची ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली आंटी ने उससे 10 रुपए की चाय पत्ती मंगवाई थी। लेकिन, वो गलती से 90 रुपए की चाय पत्ती ले आई तो पड़ोस की आंटी ने उसे डांट दिया। इसके बाद जब यह बात मां को बताई तो भी उसे डांट दिया। जब मम्मी घर से निकली तो वह भी डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी। लेकिन, घर से कुछ दूर जाने के बाद रास्ता भटक गई। दो घंटे तक वह इधर-उधर घूमती रही। जब रास्ते में एक व्यक्ति मिला तो अपने घर तक पहुंचने के लिए उसने ये किडनैप की कहानी बनाई। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल पर देखा था कि घर छोड़ने के क्या बहाने हो सकते हैं। इसके साथ ही एक टीवी सीरियल से इस किडनैपिंग का आइडिया आया, जो उसने पुलिस को बताया। जबकि उसके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ था।