पंजाब के इतिहास के सबसे संवेदनशील मामलों में शुमार वर्ष 2015 के बरगाड़ी बेअदबी और बहिबल कलां गोलीकांड की जांच एक बार फिर पूरी तरह से गर्मा गई है। पंजाब सरकार द्वारा विशेष जांच टीम (SIT) में किए गए बड़े फेरबदल के बाद, अब डीआईजी (DIG) बठिंडा हरजीत सिंह के नेतृत्व में इस मामले को नई गति दी जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार को एसआईटी ने फरीदकोट के उन तमाम ऐतिहासिक घटनास्थलों का दौरा किया, जहां से इस पूरे विवाद की शुरुआत हुई थी। बुर्ज जवाहर सिंह वाला से लेकर बहिबल कलां तक की कड़ियों को जोड़ा एसआईटी के सदस्य डीआईजी हरजीत सिंह अपनी टीम के साथ सबसे पहले गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। गौरतलब है कि यही वह स्थान है जहां 1 जून 2015 को पावन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वरूप चोरी हुआ था और बेअदबी की घटनाओं की शुरुआत हुई थी। इसके बाद टीम ने 12 अक्टूबर 2015 को बरगाड़ी में हुई बेअदबी वाले स्थान और फिर 14 अक्टूबर 2015 को हुए बहिबल कलां गोलीकांड स्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया, जहां पुलिस फायरिंग में दो सिख युवकों की जान चली गई थी। गवाहों से बातचीत और थाना बाजाखाना के रिकॉर्ड की समीक्षा घटनास्थलों का जायजा लेने के बाद एसआईटी की टीम थाना बाजाखाना पहुंची, जहां इन मामलों से संबंधित मुख्य एफआईआर (FIR) दर्ज हैं। टीम ने पुराने रिकॉर्ड, घटनाक्रम के समय के साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का दोबारा मिलान किया। एसआईटी अब तक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ियों को नए सिरे से जोड़कर जांच को अंतिम तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने की प्रक्रिया में जुट गई है। सुखबीर बादल के खिलाफ बयान के बाद जांच में आई तेजी इस मामले में हाल ही में तब बड़ा मोड़ आया जब श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार द्वारा सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ बयान जारी किया गया, जिसके बाद से ही जांच की रफ्तार को काफी तेज कर दिया गया है। इसी सिलसिले में एसआईटी पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला, पूर्व ओएसडी गगनदीप सिंह बराड़ और फरीदकोट के तत्कालीन डीसी मालविंदर सिंह जग्गी से भी गहन पूछताछ कर चुकी है।
पीड़ित परिवार ने जताया संतोष, DIG बोले— तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई बहिबल गोलीकांड पीड़ित परिवार के सुखराज सिंह नियामीवाला ने कहा कि “एसआईटी की मौजूदा कार्रवाई संतोषजनक है। ऐसा प्रतीत होता है कि हाल ही में जांच टीम के हाथ कुछ बेहद महत्वपूर्ण और नए तथ्य लगे हैं, जिनके आधार पर इस पूरी तफ्तीश को आगे बढ़ाया जा रहा है।” वहीं, एसआईटी सदस्य एवं डीआईजी बठिंडा हरजीत सिंह ने मीडिया को बताया कि बहिबल कलां गोलीकांड मामले की निष्पक्ष जांच के तहत ही आज घटनास्थलों का भौतिक निरीक्षण (Physical Verification) किया गया है। उन्होंने साफ किया कि जांच के दौरान जैसे-जैसे नए और पुख्ता तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर बिना किसी दबाव के आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
