पंचकूला की घग्गर नदी में अवैध खनन रोकने पहुंची पंचकूला पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले पुलिस टीम पर पथराव किया, फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगे। पीछा करने पर ट्रैक्टर से पुलिस की जिप्सी में टक्कर मार दी। जिससे एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-25 पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि सेक्टर-28 स्थित घग्गर नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और माइनिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां 4 लोग खनन सामग्री भरते हुए मिले। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया और ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। पुलिस वाहन पर चढ़ाने की कोशिश डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि पीछा किए जाने पर आरोपियों ने ट्रॉली में भरी खनन सामग्री रास्ते में गिरा दी। जब पुलिस ने ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की जान लेने की नीयत से ट्रैक्टर सीधे पुलिस की जिप्सी में दे मारा। टक्कर से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सिपाही अंकित कुमार नीचे गिरकर घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-32 जीएमसीएच, चंडीगढ़ रेफर किया गया। चारों आरोपी गिरफ्तार, दो पर पहले से दर्ज हैं केस आरोपियों के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109, 121, 132, 221, 324(4) और माइनिंग एक्ट की धारा-21 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक जसविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों गुरजीत सिंह उर्फ बबलू, दीपक और सोनू उर्फ बिहारी के साथ मिलकर अवैध खनन करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर सेक्टर-25 चौकी प्रभारी रामू स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंजाब के गांव ककराली में दबिश देकर तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गुरजीत सिंह, सोनू और जसविंद्र मोहाली के ककराली गांव के रहने वाले हैं, जबकि दीपक सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि गुरजीत सिंह के खिलाफ पहले से चोरी का एक मामला दर्ज है, जबकि जसविंद्र सिंह पर स्नैचिंग का एक मामला पहले से दर्ज है। ‘अवैध खनन करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे’ डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
