फरीदकोट जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी है। हीट वेव के लिए नियुक्त जिला नोडल अधिकारी एवं जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हिमांशु गुप्ता ने बताया कि फिलहाल जिले में हीट वेव का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है। विभाग की ओर से सभी सरकारी अस्पतालों, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट वेव से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज की व्यवस्था की गई है। इसके लिए ओआरएस के पैकेट, आवश्यक दवाइयां, पर्याप्त मात्रा में ठंडा पीने का पानी और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं हैं। मेडिकल स्टाफ को भी अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। धूप में काम करने से बचें, थोड़ी थोड़ी देर बाद छांव में आराम करें डॉ. गुप्ता ने कहा कि हीट वेव के दौरान लापरवाही गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है, इसलिए लोगों को खुद भी सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने विशेष तौर पर किसानों, मजदूरों और धूप में काम करने वाले लोगों को सलाह दी कि वे तेज धूप में लंबे समय तक काम करने से बचें और हर एक घंटे बाद कुछ समय के लिए छांव में आराम जरूर करें। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें और डॉक्टर की सलाह लें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का रखे खास ध्यान- इस मामले में डॉ. हिमांशु गुप्ता ने सलाह दी है कि दिन के समय अधिक से अधिक पानी पिएं, ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करें, हल्के रंग और ढीले-ढाले कपड़े पहनें तथा सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का खास ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि ये वर्ग हीट वेव से ज्यादा प्रभावित होते हैं।
