फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ जैतो की टीम ने 2.011 किलोग्राम हेरोइन और 50 हजार की ड्रग मनी के साथ बाइक सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी विशाल उर्फ घोगा और रमन के रूप में हुई है। इनके खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ.प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर फरीदकोट पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सीआईए स्टाफ जैतो के इंचार्ज एएसआई दर्शन सिंह अपनी टीम के साथ गांव ढिल्लवां कलां में मौजूद थे। इस दौरान नेशनल हाईवे-54 के पास बस स्टॉप के नजदीक दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। जो पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल स्टार्ट करने लगे। शक के आधार पर उन्हें रोका गया और मौके पर डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह राजपाल को बुलाकर उनकी निगरानी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2.011 किलोग्राम हेरोइन और 50 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। दोनों आरोपी मार्च 2026 में ही जेल से बाहर आए हैं-एसपी इस संबंध में एसपी जोगेश्वर सिंह गोराया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद हेरोइन आरोपियों ने अपने सप्लायर्स से प्राप्त की थी और आगे सप्लाई करने के इरादे से ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वे मार्च 2026 में ही जेल से बाहर आए थे। आरोपी रमन के खिलाफ पहले से नशा तस्करी के 4 मामले दर्ज हैं, जबकि विशाल उर्फ घोगा के खिलाफ 1 मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों का अदालत से 2 दिन का रिमांड हासिल किया है और हेरोइन के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है।
