प्रदेश में अवैध शराब बनाने, इसका स्टोरेज, तस्करी और बेचने पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से प्रदेशव्यापी विशेष निरोधात्मक अभियान जारी है। 1 से 5 नवंबर के बीच चलाए गए इस 5 दिवसीय गहन चेकिंग अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीमों ने प्रदेश में 1 लाख 18 हजार 371 लीटर वॉश नष्ट किया। वहीं, अवैध मदिरा से जुड़े कुल 590 मामले दर्ज कर 94 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। दबिश के दौरान अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त 8 दुपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।उदयपुर स्थित आबकारी मुख्यालय ने आंकड़े जारी किए। दिन-रात गश्त और सघन नाकाबंदी की जा रही: आयुक्त उदयपुर आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में पड़ोसी राज्यों से तस्करी कर लाई जाने वाली अवैध शराब और राज्य के भीतर अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण व वितरण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। विभाग की स्पेशल टीमों द्वारा पूरे प्रदेश में दिन-रात गश्त, सघन नाकाबंदी और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस मुहिम में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (जोन), आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और निरोधक दलों की टीमें जुटी हुई हैं। अभियान के दौरान आबकारी टीमों ने 4,93,030 रुपए मूल्य की 1,502 लीटर देशी मदिरा जब्त की। इसके अलावा 5,84,445 रुपए कीमत की 7,076 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) और 90,134 रुपए मूल्य की 392 लीटर बीयर बरामद की गई। कार्रवाई में 4,442 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त की गई, जबकि 1,18,371 लीटर लाहन/वॉश मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।