प्रतापगढ़ में एक धार्मिक स्थल के पास दो दिन पहले गोवंश के अंग मिलने के विरोध में हिंदू समाज ने प्रदर्शन किया। घटना का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समाजजनों ने शहर बंद का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने असामाजिक तत्वों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आंदोलन की रणनीति नगर परिषद परिसर में आयोजित हिंदू समाज की बैठक में तय की गई थी। बैठक के बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यशपाल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने शहर के बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद भी सुराग नहीं प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस को घटना के बाद 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी सूरजपल चौराहे पहुंचे और गांधी मूर्ति के सामने धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग दोहराई गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के रवैये पर भी नाराजगी जताई। स्थिति को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक गजेंद्र सिंह राव और उपखंड अधिकारी अश्विन मालु मौके पर पहुंचे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।