एपेक्स हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सचिन झवर की चौथी पुस्तक ‘हर दिन शुभ दिन’ का मंगलवार को विमोचन किया गया। समारोह में एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. एसबी झवर और मुख्य अतिथि जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन ओपी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने डॉ. झवर को पुस्तक के विमोचन पर शुभकामनाएं दीं। डॉ. सचिन झवर ने बताया कि अस्पताल की व्यस्त दिनचर्या, टीम के साथ संवाद, मरीजों की उम्मीदों और नेतृत्व से जुड़े फैसलों के बीच उन्हें जो अनुभव और सीख मिली, उन्हें पुस्तक में शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक केवल चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि हर प्रोफेशनल के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि ‘किताब सोचने पर मजबूर करती है, और सोच ही बदलाव लाती है।’ इसी विचार को आधार बनाकर पुस्तक लिखी गई है। उन्होंने कहा कि स्क्रीन पर हम देखते हैं, जबकि किताब में हम जीते हैं। अपनी पिछली पुस्तकों को मिले सकारात्मक प्रतिसाद ने उन्हें इस पुस्तक को और बेहतर ढंग से लिखने की प्रेरणा दी। डॉ. झवर ने बताया कि पुस्तक से होने वाली समस्त आय मेडिकल सेक्टर में चैरिटी के लिए दी जाएगी। यह राशि नर्सेज एवं पैरामेडिकल कॉन्फ्रेंस में दान की जाएगी। समारोह में एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. एसबी झवर ने कहा कि पुस्तक के कवर पेज से ही एपेक्स समूह की कहानी समझ में आती है। समूह पारंपरिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए जरूरी आधुनिकता को भी अपना रहा है। उन्होंने पुस्तक से जुड़े विभिन्न पहलुओं को साझा किया। विमोचन समारोह के दौरान डॉ. सचिन झवर को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।