जोधपुर से पाली में ओम बन्ना के दर्शन के लिए गए पांच युवकों की कार का एक्सीडेंट हो गया। इसमें से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। सभी घायल एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। हादसे में घायल एक युवक परिवार को अपने दोस्त के पास जाने की बात कहकर घर से निकला था। एक्सीडेंट की सूचना जब घरवालों को मिली, तब उसके पाली जाने का पता चला। दरअसल, जोधपुर के पांच युवक गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे ओम बन्ना दर्शन के लिए निकले थे। पाली में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे कार का रोडवेज से एक्सीडेंट हो गया। कार रोडवेज के पीछे चल रही थी। आशंका है कि घुमाव पर बस ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए और कार की स्पीड ज्यादा होने के कारण वह उसमें घुस गई। इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा ओम बन्ना मंदिर से चार-पांच किलोमीटर पहले बांडाई मोड़ पर हुआ। एक्सीडेंट होने पर बेटे के पाली जाने का पता लगा एक्सीडेंट में हेमराज उर्फ हेमू (20) पुत्र तुलसीराम, तुशाल (21) पुत्र दिलीप, प्रवीण (18) पुत्र बाबूलाल की मौत हो गई। वहीं रौनक (21) पुत्र देवाराम और हनीश (18) पुत्र मनोज कुमार को घायलवस्था में को रोहट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से मथुरादास माथुर हॉस्पिटल (एमडीएम) भेज दिया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हनीश को छुट्टी दे दी गई है, जबकि रौनक का इलाज जारी है। रौनक के पिता देवाराम ने बताया- मुझे बेटे के पाली जाने की जानकारी नहीं थी। वह घर से दोस्त के पास जाने की बात कहकर निकला था। उनको जब एक्सीडेंट की सूचना मिली, तब उसके बारे में पता चला। देखिए हादसे की तस्वीरें… मामा से मांगकर लाया कार, सभी युवक एक ही कॉलोनी के रहने वाले मृतक और घायल सभी युवक पांच बत्ती स्थित सांसी कॉलोनी के रहने वाले हैं। सभी कॉलोनी की एक ही गली में रहते थे। ऐसे में दर्शन जाने का प्लान बनाया। इसके लिए प्रवीण अपने मामा से स्विफ्ट कार लेकर आया। इसके बाद पाली के लिए रवाना हुए। एक्सीडेंट के वक्त कार हेमराज चला रहा था। सभी का सामान्य परिवार एक्सीडेंट में मरने वाले और घायल युवक सामान्य परिवार से हैं। मृतक हेमराज की कॉलोनी में किराने की दुकान है। उनके पिता ऑटो चलाते हैं। प्रवीण के पिता पेंट का काम करते हैं और प्रवीण उसमें हाथ बंटाता था। तुशाल के पिता घूमकर टायर-ट्यूब खरीदते हैं और तुशाल भी उनके काम में हाथ बंटाता था। घायल हनीश के पिता लाइट-फीटिंग का काम करते हैं और हनीश भी उनके साथ काम करता है। वहीं रौनक के पिता ऑटो चलाते हैं।
