पाली में बुधवार को नेशनल हाईवे पर चलते-चलते ट्रक पलट गया। उसमें रखी अनाज(जौ) की बोरियां हाईवे पर बिखर गई। घटना आज(बुधवार) दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नेशनल हाईवे 62 (पंजाब के अबोहर से शुरू होकर राजस्थान से गुजरते हुए पिंडवाड़ा तक) पर गुंदोज चौकी क्षेत्र में डिंगाई पुल के पास हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे ट्रक के पीछे चल रहे एक युवक ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लहराते हुए चल रहा ट्रक कुछ ही दूरी पर जाकर देखते ही देखते पलट जाता है। गनीमत रही कि हादसे के दौरान उसके पास से कोई दूसरी गाड़ी नहीं गुजर रही थी, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में ट्रक का ड्राइवर घायल भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब देखिए- घटनाक्रम की सिलसिलेवार फोटोज पुलिस बोली- ड्राइवर को नींद आई या नशे में था, जांच कर रहे हैं
गुंदोज चौकी प्रभारी समुद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया- हादसा बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एनएच 62 पर गुंदोज चौकी क्षेत्र में डिंगाई पूल के पास हुआ। संभवत: ड्राइवर को नींद की झपकी आने से या नशे में होने के कारण उसने बैलेंस खो दिया और इसी कारण लहराता हुआ चल रहा ट्रक हाईवे पर पलट गया। चौकी प्रभारी के अनुसार- कार में पीछे चल रहे लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया है, जिसमें ट्रक पलटते हुए नजर आ रहा है। ट्रक पाली से गुंदोज की तरफ जा रहा था। ट्रक में जौ की बोरियां भरी हुई थी। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर बिखरी बोरियों को साइड में किया गया। घटना के दौरान एकतरफा ट्रैफिक भी करीब 25 मिनट तक बाधित रहा। हालांकि पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाया और यातायात सुचारू किया।
