पत्नी प्रेग्नेंट थी और पैसों की तंगी थी। ऐसे में खर्चे के रुपयों और जल्द अमीर बनने के लिए बदमाश ने साथियों के साथ मिलकर ज्वेलर से कैश सहित 37 लाख रुपए के गहने लूट लिए। पुलिस ने सोमवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। मामला जयपुर के खोरा बीसल थाना इलाके का है। 3 जुलाई को हुई लूट की वारदात के दौरान आरोपियों ने हमला कर ज्वेलर के हाथ तोड़ दिए थे। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- लूट मामले में मास्टर माइंड कमलेश कुमार बाज्या (27) निवासी बुगालिया (कालवाड़), अशोक मीणा उर्फ गोलू (21) निवासी बुगालिया और विशाल मीणा (20) निवासी बिचपडी (हरमाड़ा) को अरेस्ट किया है। फरार आरोपी जितेंद्र शर्मा (22) निवासी बिचपडी की तलाश कर रहे हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के गहनों को पिघलाकर बनाई सिल्ली बरामद कर ली है। वारदात में इस्तेमाल की गई रेंटल कार भी जब्त कर ली है। पैसों की तंगी के कारण वारदात की पुलिस जांच में सामने आया है कि मास्टर माइंड कमलेश के खिलाफ करीब 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले कुछ साल से उसने क्राइम करना बंद कर रखा था। पत्नी के प्रेग्नेंट होने के कारण वह पैसों की तंगी से जूझ रहा है। जल्द अमीर बनने के लिए उसने दोबारा अपराध की राह चुनी। उसके दोस्त जितेंद्र ने खोरा बीसल के नांगल लाड़ी गांव निवासी ज्वेलर शंकर लाल शर्मा (45) के बारे में बताया था कि वह रात को दुकान से माल (ज्वेलरी-कैश) लेकर घर जाता है। शंकर की ज्वेलरी शॉप घर से करीब 2.5 किलोमीटर दूर नागल लाड़ी ग्रिड पर है। दोनों ने मिलकर वारदात करने की प्लानिंग की। 3 जुलाई को चौमूं इलाके से 5 हजार रुपए में स्विफ्ट डिजायर कार किराए पर ली। अपने दो साथियों अशोक और विशाल को वारदात में शामिल कर ज्वेलर के निकलने से करीब एक घंटे पहले शॉप के बाहर रेकी करने लगे। सुनसान जगह पर लाठी-डंडों से किया हमला फिर ज्वेलर के घर के रास्ते में मौजूद ग्राउंड में कार खड़ी कर इंतजार करने लगे। अंधेरा होते ही नंबर प्लेट पर काला कपड़ा बांध दिया। ज्वेलर के बाइक पर निकलते ही बदमाश उसके पीछे लग गए। सुनसान जगह पर कार आगे लगाकर बाइक सवार ज्वेलर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद ज्वेलरी से भरे बैग को लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने 1 हजार से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर करीब 1300 किलोमीटर पीछा कर बदमाशों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने मामले के शांत होने के बाद चांदी की सिल्ली का बंटवारा करना बताया है। हमला कर लहूलुहान किया दरअसल, ज्वेलर शंकर लाल रोज की तरह 3 जुलाई को रात करीब 8 बजे शॉप बंद कर ज्वेलरी बैग में भरकर बाइक से घर लौट रहे थे। शॉप से करीब 800 मीटर दूर पहुंचते ही पीछे से सफेद कलर की स्विफ्ट डिजायर कार उनके आगे रुकी थी। कार सवार नकाबपोश चार बदमाशों ने ज्वेलर पर हमला कर दिया था। उन्हें लहूलुहान कर जमीन पर गिरा दिया था। इसके बाद शंकर का गहने-कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। शंकर के सिर और नाक पर गंभीर चोट लगी थी। हमले में दोनों हाथों में फ्रैक्चर हुआ था। लूटे गए बैग में करीब 35 लाख के सोने-चांदी के गहने और 1.50 लाख रुपए रखे थे। … यह खबर भी पढ़ें… जयपुर में ज्वेलर्स से 35 लाख की लूट:कार से आए नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला; सिर-नाक में गंभीर चोट, हाथों में फ्रैक्चर जयपुर में एक ज्वेलर्स से 35 लाख के गहने-कैश बदमाशों ने लूट लिए। यह वारदात खोरा बीसल क्षेत्र के नांगल लाड़ी ग्रिड पर शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे हुई। कार से आए नकाबपोश चार-पांच बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। (पूरी खबर पढ़ें)
