डीग जिले में पत्नी ने पति पर खौलता हुआ लाल मिर्च का पानी फेंक दिया। पति गंभीर रूप से झुलस गया। पत्नी बच्चों को छोड़कर घर से फरार हो गई। युवक की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे वरदीन को नगर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जहां से उसे भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामला नगर थाना इलाके के नगर कस्बे का बुधवार का है। घटना के समय वरदीन, उसकी पत्नी जूली और उनके बच्चे घर पर थे। वरदीन की मां गुड्डी और पिता मंगतू बाहर गए थे। खाना बनाने के लिए कहा था वरदीन की मां गुड्डी ने बताया- मेरा बेटा चप्पल बेचने के लिए रेहड़ी लगाता है। गुरुवार को वह चप्पल बेचकर दोपहर 2 बजे घर आया था। उसने अपनी पत्नी जूली को खाना बनाने के लिए कहा, लेकिन जूली ने उसकी बात नहीं सुनी। रसोई में जाकर पानी गर्म किया गुड्डी ने बताया- खाना बनाने को लेकर वरदीन और जूली के बीच झगड़ा हो गया। वरदीन ने जूली के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद गुस्से में जूली रसोई में गई और एक बर्तन में मैगी बनाने के लिए पानी गर्म किया और उसमें लाल मिर्च भी डाली थी। जब वरदीन ने पूछा कि क्या कर रही हो, तब जूली ने कहा- मैगी बना रही हूं। पति के पीछे भागी पत्नी गुड्डी ने बताया- जब पानी उबलने लगा तो, जूली खौलते हुए पानी का बर्तन उठाकर वरदीन के पीछे भागी। वरदीन भी उससे बचने के लिए भागने लगा। तभी जूली ने खौलता हुआ पानी वरदीन के ऊपर डाल दिया। वरदीन का चेहरा, गला और सीना झुलस गया। गुड्डी ने बताया- पति पर गर्म पानी डालने के बाद जूली घर से फरार हो गई। वरदीन के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। वरदीन को तुरंत नगर अस्पताल लेकर जाया गया। जहां से उसे भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
