साइबर ठगों द्वारा लोगों को डरा-धमकाकर डिजिटल अरेस्ट और ठगी का शिकार बनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जिला पठानकोट के साइबर क्राइम थाने में दर्ज किया गया है, जहां एक महिला को उसके बेटे को रेप केस में गिरफ्तार करने का झूठा डर दिखाकर 5 लाख रुपए ऐंठ लिए गए। मामले की शिकायतकर्ता पीड़ित प्रीतो देवी निवासी गांव घोह ने थाने में दर्ज अपने बयानों में बताया कि उनके मोबाइल पर वॉट्सएप के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले अज्ञात आरोपी ने पीड़िता को कहा कि उसके बेटे को पुलिस ने एक रेप केस में गिरफ्तार कर लिया है। अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए 5 लाख रुपए ठगों ने महिला को धमकी दी कि यदि वह अपने बेटे को केस से बचाना और छुड़ाना चाहती है, तो उन्हें तुरंत पैसे देने होंगे। अपने बेटे पर अचानक आई विपत्ति और केस की बात सुनकर पीड़िता घबरा गई। शातिर अपराधियों ने डर का फायदा उठाते हुए महिला को अपनी बातों में उलझाया और विभिन्न बैंक खातों में कुल 5 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। पैसे ट्रांसफर करने के बाद जब पीड़िता को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू शिकायत की जांच के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए वॉट्सएप नंबरों, बैंक खातों और लेनदेन (ट्रांजेक्शन) डिटेल्स को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात वॉट्सएप कॉल, पुलिस/अदालत के नाम पर मिलने वाली धमकियों या बच्चों की गिरफ्तारी के झूठे दावों में न आएं और तुरंत 1930 पर संपर्क करें।