पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन के पास बन रहे नए ओवरब्रिज के नजदीक 3 दिन पहले बेसुध अवस्था में मिले अज्ञात व्यक्ति की सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हुई है।
पठानकोट कैंट जीआरपी थाना प्रभारी पलविंद्र सिंह ने बताया कि बीते रविवार को उक्त व्यक्ति बेसुध हालत में मिला था। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर उसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान आज सुबह 9 बजे के आसपास उसकी मृत्यु हो गई। बाजू पर अंग्रेजी में लिखा था शीतल
पठानकोट कैंट जीआरपी थाना प्रभारी पलविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को पहचान के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखा गया है। बताया कि मृतक के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में “Sheetal” (शीतल) नाम लिखा हुआ है, जो उसकी पहचान में सहायक हो सकता है।
जीआरपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के बारे में जानकारी रखता हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करे, ताकि शव की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।