पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 1.25 करोड़ रुपये की 625 ग्राम हेरोइन बरामद की। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 और एंटी नारकोटिक सेल ने अलग-अलग ऑपरेशन में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपी पड़ोसी राज्यों से हेरोइन लाकर ट्राईसिटी क्षेत्र में इसकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि पूरे सप्लाई नेटवर्क, सप्लायर और खरीदारों तक पहुंचा जा सके। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 को गुप्त सूचना मिली थी कि वंश ग्रोवर (24) बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप लेकर बरवाला-डेराबस्सी रोड पर सप्लाई देने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 321 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 64 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से पानीपत का रहने वाला है और फिलहाल जीरकपुर में किराये पर रह रहा था। वह खुद भी नशा करता था और ट्राईसिटी में हेरोइन की सप्लाई का काम भी करता था। आरोपी के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ANC की टीम ने पकड़ी 304 ग्राम हेरोइन एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली कि सन्नी सिंह (44) निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) सेक्टर-21 स्थित घग्गर पुल के पास छठ पूजा स्थल पर एक ग्राहक को हेरोइन की खेप देने आने वाला है। इंस्पेक्टर सौरव रावत के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 304 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद बरामद हुए। जब्त हेरोइन की कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले में थाना सेक्टर-20 में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। रिमांड में खुलेंगे नेटवर्क के राज डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन कहां से लाई जाती थी, किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई होती थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।