जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार शाम कांग्रेस कार्यालय के सामने नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। शाम 7 बजे हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक होने से लाखों मेधावी छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। बोले- छात्रों के भविष्य के साथ हुआ खिलवाड़ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द होने से देशभर के छात्रों में भारी नाराजगी है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई राज्यों में छात्र निराश होकर आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं, लेकिन केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उच्च स्तरीय जांच की मांग कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नीट पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पारदर्शी जांच जरूरी है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद सलीम नागौरी, मोहन मेघवाल, भैराराम मकवाना, रामलाल बिश्नोई, गिरिराज, डॉ. नवल किशोर जोशी, लीलाधर कनौजिया, यश जोशी, बबलू व्यास, गोरधन जयपाल, मोहम्मद अली, गोपाल गोगलु, अशोक मेघवाल, प्रकाश सैन, अब्दुल मजीद एडवोकेट और ओम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।