हरियाणा के नारनौल में सीआईए द्वारा अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रितिक निवासी मोलाहेड़ा, थाना पनियाला, राजस्थान को नांगतिहाडी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि दिनांक 28 जून 2026 को सीआईए नारनौल द्वारा आरोपी सचिन निवासी ढीढोर, राजस्थान तथा रवि निवासी गुजरवास, थाना अटेली को अवैध हथियार एवं जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया था। नेटवर्क की हो रही जांच मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए सीआईए नारनौल ने जांच, तकनीकी एवं अन्य तथ्यों के आधार पर हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी रितिक निवासी मोलाहेड़ा, थाना पनियाला, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। मामले में हथियारों के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच जारी है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रितिक के विरुद्ध पूर्व में भी करीब 4-5 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें लड़ाई-झगड़े एवं जालसाजी से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस को बताएं महेंद्रगढ़ पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस आमजन से अपील करती है कि अवैध हथियारों के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
