टोंक जिले में एक नाबालिग का अपहरण कर परिजनों से एक लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर 3 नामजद सहित 7-8 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी के अनुसार, 14 साल के नाबालिग के परिजनों ने रविवार को रिपोर्ट सौंपी है। बताया कि उनका नाबालिग बेटा 3 जुलाई की शाम करीब 6 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। नाबालिग को छोड़ने के बदले मांग रहे एक लाख रुपए
रिपोर्ट के अनुसार- तलाश के दौरान परिवादी के बड़े बेटे के मोबाइल पर एक मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने नाबालिग को छोड़ने के बदले एक लाख रुपए की मांग की। फिरौती नहीं देने पर उसकी हत्या करने की धमकी दी। परिवादी ने रिपोर्ट में जिक्र किया कि कॉल के दौरान नाबालिग से भी बात कराई गई, जिसने मासूम ने रोते हुए अपने साथ मारपीट होने की बात बताई है। रिपोर्ट में 3 नामजद सहित 7-8 अन्य व्यक्तियों नाबालिग का अपहरण कर फिरौती मांगने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि आरोपी मोबाइल और वॉट्सऐप कॉल के माध्यम से लगातार एक लाख रुपए की मांग कर रहे हैं और राशि नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थानाधिकारी बोले- मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं
थानाधिकारी ने बताया- परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। नाबालिग की तलाश की जा रही है और रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इनपुट सुरेश नागर।