झालावाड़ जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत असनावर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बिना लाइसेंस वाली एक नाली टोपीदार बंदूक बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत असनावर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी नंदकिशोर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कदेला तालाब, टांडी सोहनपुरा के पास चांदमल भील (35) निवासी टांडी सोहनपुरा, थाना असनावर को बिना लाइसेंस की अवैध टोपीदार बंदूक के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी चांदमल भील को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।