राजसमंद के नाथद्वारा में गुपचुप तरीके से कबाड़ गोदाम में तलवारें बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। यह सब कुछ अवैध तरीके से किया जा रहा था। श्रीनाथजी मंदिर पुलिस ने कबाड़ गोदाम समेत दो जगह कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों जगह से 9 हजार 228 तलवारें जब्त की गई हैं। श्रीनाथजी थाना इंचार्ज विक्रम सिंह ने बताया- पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना इलाके के उपली ओडन में एक कबाड़ के गोदाम में अवैध तरीके से तलवारों की मैन्यूफैक्चरिंग की जा रही है और स्टॉक किया गया है। पुलिस ने उपली ओडन के इस गोदाम पर दबिश दी तो वहां से 9 हजार 32 तलवारें मिलीं। कई तलवारों पर धार लगाकर तैयार किया जा चुका था, जबकि कई पर धार लगाने के साथ तैयार करने का काम किया जा रहा था। दबिश के दौरान गोदाम में मौजूद अजय सिकलीगर और सोनू सुथार तलवारों को लेकर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। यहां से पुलिस ने तलवारें और काम में लिए जा रहे उपकरण- ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन और पॉलिशिंग मशीन जब्त कर ली। दूसरी जगह से 196 तलवारें बरामद पुलिस ने दूसरी कार्रवाई भी उपरी ओडन में की। यहां वेल्डिंग की दुकान में तलवारें बनाई जा रही थी। पुलिस ने यहां से 196 तलवारेंं बरामद कर सिकंदर सिकलीगर नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देश पर डीवाईएसपी शिप्रा राजावत के सुपरविजन में की गई।
