17.32 करोड़ की अमृत भारत योजना में कायाकल्प तेज, कई बड़े काम पूरे; सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का काम भी जारीनागौर. शहर के रेलवे स्टेशन की पुरानी तस्वीर अब धीरे-धीरे बदल रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नागौर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। 17.32 करोड़ रुपए की लागत से हो रहे इस काम में स्टेशन भवन के आधुनिकीकरण से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया के विकास तक कई कार्य शामिल हैं। प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, आरक्षण कार्यालय और पोर्च का काम पूरा हो चुका है। अब स्टेशन के बाहरी हिस्से, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही से जुड़े कार्यों किया जा रहा है। रेलवे के अधिकारियों की माने तो पुनर्विकास के बाद स्टेशन परिसर पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा। स्टेशन के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार विकसित किए जा रहे हैं। स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ भू-दृश्य विकास का काम भी योजना में शामिल है। स्टेशन भवन के आंतरिक हिस्से का सुधार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है तथा आकर्षक फसाड तैयार किया जा रहा है।
