सीकर जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई के तहत दांतारामगढ़ पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। नशा तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन एंटी-वेनम 2.0 के तहत पुलिस ने कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि दांतारामगढ़ थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध स्मैक बरामद की है और तस्करी में काम में ली जा रही स्कूटी को जब्त किया है। दांतारामगढ़ थानाधिकारी जयसिंह बसेरा ने बताया कि पुलिस ने थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान गोरिया रोड रामगढ़ के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास से 2.650 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी कालू सांसी (50) वार्ड नंबर 16, रामगढ़ का निवासी है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से स्मैक सप्लाई की चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।