जनगणना 2027 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। जोधपुर में मकान सूचीकरण और मकानों की गिनती के सफल क्रियान्वयन को लेकर फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच को ट्रेनिंग देना शुरू किया गया है। तीन दिवसीय ट्रेनिंग गुरुवार से जोधपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में शुरू हुई। इस ट्रेनिंग का शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, उप जिला जनगणना अधिकारी मीनाक्षी चौधरी और जिला समन्वयक सुरेश चन्द मीना की मौजूदगी में हुआ। वहीं 1 से 15 मई तक लोग खुद अपने परिवार की डिटेल दर्ज कर सकेंगे। देश की पहली डिजिटल जनगणना उद्घाटन सत्र में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जनगणना कार्य को जिम्मेदारी के साथ निभाने की अपील की। उन्होंने कहा- जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के पास मोबाइल उपकरण होना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को समय पर और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लेने के निर्देश भी दिए। द्वितीय बैच के प्रशिक्षण में जोधपुर सहित चामू, लूणी, डांवर, बिलाड़ा, भोपालगढ़, बावड़ी, बालेसर, मथानियां और पीपाड़ शहर चार्ज क्षेत्रों के 37 फील्ड ट्रेनर्स शामिल हैं। प्रशिक्षण के पहले दिन जनगणना का परिचय, कानूनी प्रावधान, प्रमुख अवधारणाएं, एचएलबी सीमाएं, ले-आउट गानचित्रों की तैयारी और एचएलओ से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। 16 मई से 14 जून तक मोबाइल एप से होगा फील्ड कार्य जानकारी के अनुसार- तीन दिवसीय ट्रेनिंग के बाद फील्ड ट्रेनर्स अपने चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे। फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून तक मोबाइल एप के माध्यम से होगा। साथ ही 1 मई से 15 मई तक स्वगणना की सुविधा भी रहेगी, जिससे लोग खुद अपने परिवार की डिटेल दर्ज कर सकेंगे।