प्रतापगढ़ जिले के धरियावद क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रूप से गीली सागवान लकड़ी का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सहायक वनपाल पवन मेघवाल ने बताया कि उपवन संरक्षक के निर्देशन में वनों की सुरक्षा, अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्षेत्रीय वन अधिकारी रामलाल भील और झडोली नाका स्टाफ ने डरागांव क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। वनकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को कुछ दूरी पर ले जाकर मोड़ने लगा। इस दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में फंस गई। वनकर्मियों को अपनी ओर आता देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर वाहन की तलाशी लेने पर उसमें गीली सागवान लकड़ी के गट्टे भरे मिले। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से पिकअप को खेत से बाहर निकाला गया और वन विभाग ने उसे जब्त कर लिया।
