दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल पर विवादित बयान दिया है। बैरवा ने कहा- युवाओं ने उनके बयान को लेकर बेहद आक्रोश है, अगर वे कहीं मिल गए तो तो उनकी वो हालत होगी कि सोच नहीं सकते। उन्हें लोग जूतों की माला पहना देंगे। अब वो कभी दौसा के आसपास नहीं आ सकेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं ने उन्हें चिन्हित कर लिया है। कब वो राजस्थान आते हैं। बुधवार को दौसा में सचिन पायलट पर बीजेपी प्रदेश प्रभारी की बहरूपिया कहने वाली टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस द्वारा कलेक्ट्रेट के सामने आयोजित विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। विधायक बोले- युवा आक्रोशित हैं बैरवा ने कहा- राधामोहन दास अग्रवाल का बयान अमर्यादित था। उन्होंने पहले भी एक बार सचिन पायलट के बारे में टिप्पणी की थी। युवा अब आक्रोशित हैं, दौसा के अलावा वे कहीं भी मिल गए तो उनकी वो हालत होगी जो आप सोच नहीं सकते हो। उनके चपेड़े पड़ेंगे, मैं मानता हूं युवा इतने आक्रोशित हैं कि उनके जूतों की माला डाल दें। सचिन पायलट के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना अशोभनीय है और पूरी पार्टी इसकी निंदा करती है। भविष्य में राधामोहन दास दौसा के आसपास नहीं नजर आएंगे। सचिन पायलट सर्वसमाज के चहेते राजनेता हैं, उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व मंत्री बोलीं- दिमागी दिवालियापन पूर्व मंत्री व कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ममता भूपेश ने कहा- यह तो नेता की लोकप्रियता होती है कि वह देश में कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की वायनाड से चुनाव लड़ा, सुषमा स्वराज कर्नाटक के बेल्लारी से चुनाव लड़ी, निर्मला सीतारमण और स्मृति ईरानी भी कई जगह से चुनाव लड़ चुकी हैं। ऐसे अनर्गल बयानबाजी करने वाले राधा मोहन अग्रवाल का दिमागी दिवालियापन निकल गया है। राजनीति में भाषा का संयम जरूरी पूर्व विधायक जीआर खटाना ने कहा कि राजनीति में भाषा का संयम सबसे अहम होता है और जनप्रिय नेता के लिए अशोभनीय भाषा का उपयोग करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ ने कहा कि भाजपा के नेता सोची समझी रणनीति के तहत सचिन पायलट को निशाना बना रहे हैं। पायलट राज्य ही नहीं देश में लोकप्रिय नेता ओबीसी प्रकोष्ठ के भरतपुर संभाग प्रभारी व पूर्व जिला प्रमुख अजीत सिंह महुवा ने कहा कि सचिन पायलट राजस्थान ही नहीं देश में लोकप्रिय नेता है। राज्य का बच्चा-बच्चा उन्हें अपने परिवार के सदस्य के रूप में मानता है। इसलिए भाजपा प्रदेश प्रभारी द्वारा की गई टिप्पणी की निंदा करते हैं। उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
