फलोदी जिले की लोहावट पंचायत समिति क्षेत्र की दो उचित मूल्य दुकानों में लाखों रुपये के सरकारी गेहूं के गबन का मामला सामने आया है। जिला रसद विभाग की जांच के बाद राशन डीलर श्रवण कुमार व कंवरलाल के खिलाफ प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र बंशीधर ने लोहावट पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, राजला की उचित मूल्य दुकान से 54,328 किलोग्राम और फतेहसागर की दुकान से 41,725 किलोग्राम सरकारी गेहूं का गबन किया गया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं जिला रसद विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत राजला और फतेहसागर में स्थित उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जहां ई-पॉस मशीनों में गेहूं का पर्याप्त स्टॉक दर्ज था, लेकिन मौके पर गोदामों में अनाज उपलब्ध नहीं मिला। जांच में यह भी पता चला कि दोनों दुकानों पर लंबे समय से पात्र उपभोक्ताओं को गेहूं का वितरण नहीं किया जा रहा था। एक उपभोक्ता ने अधिकारियों को शिकायत दी कि उसका अंगूठा मशीन में लगवाया जाता था, लेकिन उसे राशन नहीं दिया जाता था। इससे गरीब परिवारों को मिलने वाला सरकारी अनाज डीलरों द्वारा हड़प लिया जाता था। वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर निरीक्षण में रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर के साथ-साथ अन्य कई अनियमितताएं भी पाई गईं। जांच के बाद विभाग ने फतेहसागर की उचित मूल्य दुकान के राशन डीलर श्रवण कुमार को निलंबित कर दिया है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों डीलरों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया है।