पाली शहर के कोतवाली थाना इलाके के जयनगर-B में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा मजदूर दूसरी मंजिल से गिर गया। सिर फटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बॉडी मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार- पाली जिले के बाली क्षेत्र के लुणावा गांव का रहने वाला हिम्मताराम (34) पुत्र चुन्नीलाल निर्माणाधीन दो मंजिला मकान पर मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में हिम्मताराम के सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को बांगड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा कार्य के दौरान संतुलन बिगड़ने से होना सामने आया है। मामले की जांच जारी है।
