दिवाली का त्योहार हो और फैशन की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है। त्योहारों के मौके पर आमतौर पर महिलाएं पारंपरिक परिधानों जैसे साड़ी, लहंगा और सूट को प्राथमिकता देती हैं, लेकिन इस बार फैशन की दुनिया में एक नया प्रयोग देखने को मिल रहा है। ट्रेडिशनल पहनावे से हटकर इंडो-वेस्टर्न लुक को पसंद किया जा रहा है। इसमें वेस्टर्न ड्रेस के साथ पारंपरिक ज्वेलरी का कॉम्बिनेशन तैयार किया जा रहा है, जो मॉडर्न स्टाइल के साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी पेश करता है। इस नए फैशन ट्रेंड को जयपुर की सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट ऋषिता भार्गव ने अपने खास अंदाज में पेश किया है। उन्होंने इस दिवाली पारंपरिक फैशन की सीमाओं से बाहर निकलते हुए वेस्टर्न आउटफिट के साथ ट्रेडिशनल ज्वेलरी को शामिल कर एक अलग लुक तैयार किया है। इस प्रयोग में मॉडर्न ड्रेस की खूबसूरती को पारंपरिक आभूषणों के साथ जोड़ा गया है। खास बात यह है कि इस पूरे लुक में मेकअप को भी आउटफिट और ज्वेलरी के अनुरूप रखा गया है, ताकि पूरा अंदाज संतुलित और आकर्षक नजर आए। ज्वेलरी बनी लुक का खास आकर्षण इंडो-वेस्टर्न स्टाइल की सबसे खास बात यह है कि इसमें पारंपरिक आभूषणों को केवल साड़ी या लहंगे तक सीमित नहीं रखा जाता। वेस्टर्न ड्रेस के साथ ट्रेडिशनल नेकलेस, झुमके, मांगटीका और अन्य पारंपरिक ज्वेलरी को शामिल कर नया फैशन स्टेटमेंट बनाया जा सकता है। इस तरह एक ही लुक में आधुनिकता और परंपरा दोनों का मेल देखने को मिलता है। यह स्टाइल उन महिलाओं के लिए भी खास है, जो त्योहार पर कुछ अलग और प्रयोगात्मक पहनना चाहती हैं। मेकअप से मिलता है पूरे लुक को नया अंदाज ऋषिता भार्गव ने इस फ्यूजन स्टाइल में मेकअप को भी अहम हिस्सा बनाया है। वेस्टर्न आउटफिट और पारंपरिक ज्वेलरी के बीच तालमेल बैठाते हुए ऐसा मेकअप लुक तैयार किया गया है, जो न तो जरूरत से ज्यादा है और न ही पारंपरिक अंदाज से पूरी तरह अलग। इसमें चेहरे की नेचुरल खूबसूरती को उभारने के साथ पूरे लुक को फेस्टिव टच देने पर ध्यान दिया गया है।
