बहरोड़ क्षेत्र के जटगांवड़ा निवासी हेड कॉन्स्टेबल अनिल यादव (39) का सड़क हादसे में निधन हो गया। अनिल दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। रविवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची। जहां पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अनिल यादव के बड़े बेटे आदित्य यादव (19) ने पिता को मुखाग्नि दी। सड़क हादसे में हुआ निधन दिल्ली पुलिस के एएसआई सुरेंद्र यादव ने बताया- हेड कॉन्स्टेबल अनिल यादव शनिवार शाम 5:30 बजे दिल्ली के रिंग रोड स्थित आईएसबीटी कश्मीरी गेट क्षेत्र में शांति वन से चंदगीराम अखाड़ा जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान हनुमान मंदिर की तरफ से आ रही एक स्कूटी ने अनिल को जोरदार टक्कर मार दी। इससे अनिल सड़क पर गिर गए। इस दौरान पीछे से आ रहे लोडिंग टेंपो ने उन्हें कुचल दिया। स्कूटी सवार फरार, लोडिंग टेंपो जब्त हादसे के बाद अनिल को गंभीर हालत में ट्रोमा सेंटर लेकर जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार हो गए। जबकि लोडिंग टेंपो को पुलिस ने जब्त कर लिया। रविवार दोपहर 2 बजे अनिल का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा। अनिल यादव परिवार के इकलौते बेटे थे। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। अनिल यादव की मां कमलेश देवी चलने में असमर्थ थीं। इस पर परिवार के लोग अंतिम दर्शन के लिए उन्हें शव के पास लेकर पहुंचे। बेटे के शव को देखकर मां बेसुध हो गईं। शिक्षा विभाग से रिटायर हैं पिता अनिल यादव के परिवार में उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी, दो बेटे आदित्य (19) और छोटा बेटा दीपांशु (17) हैं। उनके पिता लालाराम यादव शिक्षा विभाग से सेवानिवृत हैं। अनिल यादव तीन बहनों के इकलौते भाई थे। दिल्ली पुलिस से जवानों ने दी सलामी अंतिम संस्कार से पहले दिल्ली पुलिस के जवानों ने अनिल यादव को सलामी दी। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एसीपी आईपीएस अधिकारी निशांत गुप्ता, ट्रैफिक इंस्पेक्टर अशोक कुमार, एएसआई सुरेंद्र यादव, भाजपा नेता मोहित यादव, एडवोकेट बस्तीराम यादव, कांग्रेस नेता डॉ. आरसी यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस जवानों ने सलामी देकर दिवंगत हेड कांस्टेबल को अंतिम विदाई दी। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। … यह खबर भी पढ़ें सीआरपीएफ जवान कर्मवीर यादव पंचतत्व में विलीन:पार्थिव देह देख बिलख पड़ी पत्नी, तोड़ी चूड़ियां; जवानों ने हवाई फायर कर दी सलामीॉ कोटपूतली-बहरोड़ के गांव गंडाला निवासी सीआरपीएफ जवान कर्मवीर यादव का मणिपुर के इम्फाल में ड्यूटी के दौरान 9 दिसंबर को निधन हो गया था। उनकी पार्थिव देह शुक्रवार को पैतृक गांव गंडाला पहुंची, जहां शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। पति को देख पत्नी उषा देवी बिलख पड़ी और पार्थिव देह पर अपनी चूड़ियां तोड़ी। वहीं, बेटे निवेश को रिश्तेदारों ने ढांढस बंधाया। (पढ़ें पूरी खबर)
