जयपुर में चाकू से गला रेतकर दादी ही हत्या करने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। युवक हाथ धोने के लिए टोकने से नाराज था। गुस्से में उसने दादी की हत्या कर दी। पुलिस ने युवक को बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से दो दिन के रिमांड पर सौंप दिया। दरअसल, भट्टा बस्ती थाना इलाके की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 22 सितंबर को पुलकित (25) ने बुजुर्ग दादी विमला देवी (80) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। आरोपी पुलकित ने दादी की हत्या करना कबूल कर लिया है। पूछताछ में आरोपी पोते ने बताया- दादी अक्सर मुझे रसोई में जाने से पहले हाथ धोने और दूसरी छोटी-छोटी बातों को लेकर टोकती रहती थी। मंगलवार को मैं बाहर से घर आया था। इस पर दादी ने मुझे हाथ धोने के लिए टोका तो मेरा गुस्सा बढ़ गया। इस पर मैंने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से दादी का गला रेत दिया। वारदात के दिन ही जॉइन की थी कोचिंग थानाधिकारी सुरेंद्र सैनी ने बताया- आरोपी पुलकित ग्रेजुएट है। उसने बीएड कर रखी है और कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा था। 22 सितंबर को ही पुलकित ने कोचिंग सेंटर जॉइन किया था। कोचिंग से लौटने के बाद घर में रसोई में जाने से पहले हाथ धोने पर उसकी और दादी की नोकझोंक हुई थी। पिता ने देखा तो मां खून से लथपथ पड़ी थी वारदात का खुलासा सबसे पहले पुलकित के पिता प्रदीप शर्मा के घर पहुंचने पर हुआ। प्रदीप शर्मा टीचर हैं। घर में एंट्री के बाद उन्होंने मां विमला देवी को बेड पर खून से लथपथ देखा। वहीं पुलकित के हाथ और कपड़ों पर भी खून लगा हुआ था। वह ऐसे ही घर में घूम रहा था। प्रदीप शर्मा इसके बाद पड़ोसी श्रवण सिंह के घर पहुंचे और उन्हें घटना की जानकारी दी। वारदात के दौरान आरोपी के हाथ में भी लगी थी चोट पुलिस जांच में सामने आया कि दादी की हत्या के दौरान पुलकित के हाथ के अंगूठे के पास भी चोट लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस अब चाकू समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है। डिप्रेशन की चल रही है दवा पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि पुलकित डिप्रेशन की दवा ले रहा है। हालांकि पूछताछ के दौरान उसके तनाव में रहने का उल्लेख नहीं हुआ। पुलिस उसकी मेडिकल हिस्ट्री भी खंगाल रही है। साथ ही उसके गुस्सैल व्यवहार और अचानक हिंसक होने के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है। …….. यह खबर भी पढ़ें… जयपुर में चाकू से गला काटकर दादी की हत्या की:मर्डर के बाद शव के पास ही घूमता रहा, आरोपी पोते को पुलिस ने पकड़ा जयपुर में मंगलवार को पोते ने बुजुर्ग दादी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पोते को डिटेन कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। SHO दिलीप सिंह ने बताया- भट्टा बस्ती इलाके के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में घटना हुई पुलकित (25) ने अपनी दादी विमला देवी की हत्या की है। (पूरी खबर पढ़ें)