डीग जिले में घर के सामने खड़े होने पर थप्पड़ मारा तो युवक ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उससे देसी कट्टा बरामद किया है। घटना जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव की रविवार सुबह 9 बजे की है। पुलिस के अनुसार, मवई गांव निवासी गीता देवी (55) खेत से चारा लेकर लौट रही थीं। तभी आरोपी ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टोका तो 1 घंटे में मारने की धमकी देकर गया था गीता की बेटी गुड़िया उर्फ गुड्डी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला आरोपी युवक आए दिन घर के मेन गेट के सामने खड़ा रहता था। आज (रविवार) सुबह करीब 8 बजे जब मेरे माता-पिता ने इसका विरोध किया तो उसने झगड़ा शुरू कर दिया। आरोपी ने मेरे पिता के साथ गाली-गलौज की। विवाद बढ़ता देख मां गीता ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ खाने के बाद आरोपी ने धमकी दी कि ‘एक घंटे में तुम सबको जान से मार डालूंगा।’ बेटी के सामने मां को मारी गोली धमकी देने के 1 घंटे बाद सुबह करीब 9 बजे आरोपी लौटा। इस दौरान गीता बेटी गुड्डी के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर पैदल घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में आरोपी अवैध कट्टा लहराते हुए सामने आ गया। उसने गीता पर फायर कर दिया। गोली लगते ही गीता चीखती हुई जमीन पर गिर पड़ीं और तड़पने लगीं। मां को खून से लथपथ देख बेटी चीखती रही। आरोपी कट्टा लहराता हुआ मौके से फरार हो गया पुलिस ने आरोपी को पकड़ा दिनदहाड़े मर्डर की सूचना पर जनूथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत सीनियर अफसरों को सूचना दी। आरोपी की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी कराई। गांव से करीब 500 मीटर दूर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटनास्थल पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने कहा- आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। उससे एक हथियार भी बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ………………………….. ये खबर भी पढ़ें उदयपुर में मुंह बोले बेटे ने की मां-बेटी की हत्या:महिला ने प्रॉपर्टी नाम नहीं की तो मर्डर का प्लान बनाया, कर्ज से परेशान था उदयपुर जिले में घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या के मामले में खुलासा हो गया है। पुलिस ने मामले में मृतका लूंगा बाई के मुंह बोले बेटे जयमीन उर्फ बंटी दवे (37) को गिरफ्तार किया है। (पूरी खबर पढ़ें)
