कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बंदा धरमपुरा इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल कों कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुल्तानपुर निवासी रामप्रसाद मेहर के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे ने बताया कि रामप्रसाद मेहर अपनी बेटी के ससुराल में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कोटा आ रहे थे। इसी दौरान धरमपुरा इलाके में पत्थरों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। वहीं रानपुर थाने के एएसआई रामसिंह ने बताया कि रामप्रसाद मेहर मोटरसाइकिल से कोटा आ रहे थे, तभी रास्ते में ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You missed