तरनतारन जिले के पट्टी में पंजाब रोडवेज पनबस के ड्राइवर और कंडक्टर पर हमला हुआ। आरोप है कि 2 गाड़ियों में आए 8 से 9 लोगों ने उन पर पिस्तौल तानी और रॉड व अन्य हथियारों से पीटा। दोनों घायल हो गए और बस के शीशे तोड़ दिए गए। घायल ड्राइवर गुरबिंदर सिंह और कंडक्टर लखबीर सिंह को पट्टी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे पंजाब रोडवेज पनबस नंबर PB-46-M-8988 में ड्यूटी कर रहे थे। बस हरिके से पट्टी जा रही थी। सूचना मिलने के बाद एएसआई गुरप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है और जांच कर रही है। कार मालिक को गाड़ी हटाने को कहा था दोनों कर्मचारियों ने बताया कि बस स्टैंड के बाहर एक कार रास्ते में खड़ी थी, जिससे जाम लग गया। ड्राइवर ने कार हटाने को कहा। कार मालिक के कार एक तरफ करने के बाद बस से सवारियों को उतारा गया। उनके मुताबिक, लौटते समय बस दाना मंडी के रेलवे फाटक के पास पहुंची। फाटक बंद होने के कारण बस रुकी थी, तभी 2 गाड़ियों में आए 8 से 9 लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग इस घटना के बाद पंजाब रोडवेज पनबस पट्टी डिपो के प्रधान वजीर सिंह और अन्य कर्मचारियों ने हमले की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी बस कर्मचारियों पर इस तरह का हमला बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और घायल कर्मचारियों को इंसाफ दिलाया जाए। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई करके कर्मचारियों को न्याय नहीं दिलाया गया, तो वे संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।